राज्यहरियाणा

श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे CM नायब सैनी, प्रदेश की शांति और समृद्धि की मांगी दुआ

अमृतसर.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। उन्होंने गुरु घर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और देश व प्रदेश की खुशहाली, शांति तथा समृद्धि के लिए अरदास की।

केसरी दस्तार सजाए मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से गुरु चरणों में शीश नवाया। दर्शन के बाद उन्होंने श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा, पंजाब और देश की संगत को गुरुपर्व की लख-लख बधाइयां दीं।

गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस पवित्र स्थान पर आकर मन को असीम शांति और नई ऊर्जा मिलती है। प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ईमानदारी से मेहनत करने, प्रभु का नाम सिमरन करने और मिल-बांटकर खाने का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है। हरियाणा सरकार भी गुरु साहिब की शिक्षाओं और सिद्धांतों को आत्मसात कर जनकल्याण तथा समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने संगत से गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने और आपसी भाईचारे, सेवा तथा मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button