सीसीटीवी में कैद खौफनाक मंजर: क्रेन का पट्टा टूटते ही कार पर गिरा 65 फीट का हाई-मास्ट, सपा नेता ने गंवाई जान

यूपी के प्रतापगढ़ में एक पेट्रोल पंप पर खंभा लगाते समय क्रेन का पट्टा टूटने से बड़ा हादसा हुआ। सपा नेता लाल बहादुर यादव की कार पर 65 फीट ऊंचा पोल गिर गया।

प्रतापगढ़ : प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में रविवार दोपहर करीब 1:00 बजे एक भयानक हादसा हुआ। सड़क किनारे एक पेट्रोल पंप पर लगाया जा रहा 65 फुट ऊंचा और करीब 40 क्विंटल (4,000 किलो) वजनी लोहे का हाई-मास्ट पिलर अचानक सड़क से गुजर रही एक हुंडई क्रेटा कार पर गिर गया। इस हादसे में समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता और पीडब्ल्यूडी ठेकेदार लाल बहादुर यादव (47) की मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा? (CCTV में कैद भयावहता) घटना के समय भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर क्रेन (हाइड्रा) की मदद से विशाल साइन बोर्ड वाला खंभा खड़ा किया जा रहा था। जब लाल बहादुर यादव अपनी कार से शहर की ओर जा रहे थे, तभी अचानक क्रेन का पट्टा टूट गया। भारी-भरकम खंभा सीधे कार के ड्राइवर साइड वाले हिस्से पर गिरा, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाली है।

लापरवाही पर उठे सवाल हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि इतने जोखिम भरे काम के दौरान न तो ट्रैफिक को रोका गया था और न ही कोई सुरक्षा घेरा बनाया गया था। घटना के तुरंत बाद क्रेन ऑपरेटर और पंप कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version