
मोगा : वेद प्रचार मंडल मोगा द्वारा एस. डी. कॉलेज फॉर वूमेन में एक भव्य अन्त: महाविद्यालय वैदिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न 15 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह का उद्घाटन बाल भलाई कमेटी के प्रधान डॉ. राजेश पूरी ने दीप प्रज्वलित कर किया, जबकि जिला उपायुक्त (DC) सागर सेतिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
संस्कारित युवा वर्ग ही देश का भविष्य मंडल के संस्थापक एवं प्रांतीय महासचिव रोशन लाल आर्य ने बताया कि वेद प्रचार मंडल अब तक 340 शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से छात्रों को संस्कारित करने का कार्य कर चुका है। मुख्य अतिथि सागर सेतिया ने मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपनी वैदिक संस्कृति का अनुसरण करना चाहिए। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने न केवल वैदिक मूल्यों पर प्रकाश डाला, बल्कि वर्तमान सामाजिक समस्याओं पर भी प्रभावी वक्तव्य दिए।
विजेताओं का सम्मान समारोह की अध्यक्षता खालसा कॉलेज (सिद्धवा खुर्द) की प्रिंसिपल डॉ. सतिंदर कौर ने की। प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। एस. डी. कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीना अनेजा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को बुराइयों से दूर रहकर वेदों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।



