आदमपुर फ्लाईओवर के लंबे समय से लटके हुए कार्य को दोबारा शुरू करवाने के लिए आदमपुर हलका इंचार्ज एवं पंजाब स्टेट एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के प्रकाशपर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री जालंधर आ रहे हैं, ऐसे में उन्हें बंद पड़े आदमपुर फ्लाईओवर का काम दोबारा शुरू करने की घोषणा जरूर करनी चाहिए।
पवन टीनू ने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन उस दौरान राज्य को किसी प्रकार का विशेष राहत पैकेज नहीं दिया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार प्रधानमंत्री जालंधर दौरे के दौरान आदमपुर फ्लाईओवर जैसे महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े प्रोजेक्ट पर गंभीरता से विचार करते हुए कोई ठोस और सकारात्मक फैसला लेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से आदमपुर की ओर से गुजरते हैं, तो वे खुद देख पाएंगे कि फ्लाईओवर का निर्माण अधूरा रहने के कारण आम लोगों को रोजाना कितनी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अगर वे हेलीकॉप्टर के जरिए यात्रा करते हैं, तो ऊपर से फ्लाईओवर के लिए बनाए गए करीब 70 पिलर साफ नजर आएंगे, जो वर्षों से अधूरे पड़े हैं और केंद्र सरकार की लापरवाही व उदासीनता की गवाही दे रहे हैं।
पवन टीनू ने बताया कि आदमपुर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन वर्ष 2020 में पिछली कांग्रेस सरकार की ढीली नीतियों और लापरवाही के चलते यह काम पूरी तरह से बंद हो गया। काम रुकने के बाद सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री के दामों में भारी बढ़ोतरी हो गई, जिसके चलते ठेकेदार ने आगे काम करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्ट टाईम मुख्मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि उनकी ओर से लगातार केंद्र सरकार से फ्लाईओवर का काम दोबारा शुरू करने का आग्रह किया गया। इसके बाद केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार को पत्र लिखकर जमीन अधिग्रहण में घोटाले की बात कही। इसी के चलते 29 जुलाई 2025 को इस प्रोजेक्ट का काम पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
पवन टीनू ने आगे जानकारी दी कि इसके अगले ही दिन, 30 जुलाई 2025 को वे तीन अन्य सांसदों के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। इस दौरान उन्होंने आदमपुर फ्लाईओवर का काम दोबारा शुरू करने की जोरदार मांग रखी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जमीन अधिग्रहण से जुड़ा घोटाला होशियारपुर क्षेत्र में हुआ है, तो उसकी सजा जालंधर-आदमपुर की जनता को क्यों दी जा रही है। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस प्रोजेक्ट में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद आज तक इस महत्वपूर्ण परियोजना पर काम दोबारा शुरू नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पवन टीनू ने कहा कि यह फ्लाईओवर जालंधर से होशियारपुर तक के मार्ग का अहम हिस्सा है और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। जालंधर क्षेत्र में फोरलेन सड़क के लिए आवश्यक चौड़ाई का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन होशियारपुर की ओर सड़क चौड़ीकरण के लिए अब तक जमीन उपलब्ध न होने के कारण पूरा प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है।
उन्होंने आदमपुर की रणनीतिक और सामाजिक महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यहां भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण बेस कैंप स्थित है, जहां से देश की सुरक्षा से जुड़े बड़े-बड़े अभियान संचालित किए जाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी आदमपुर से सुरक्षा संबंधी अहम गतिविधियां की गई थीं। इसके अलावा आदमपुर में सिविल एयरपोर्ट भी मौजूद है, जहां से बड़ी संख्या में लोग हवाई यात्रा करते हैं। धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं और यह सड़क हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है।
पवन टीनू ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग पर फ्लाईओवर का अधूरा रहना न केवल विकास में बड़ी बाधा है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के साथ भी सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि बिना किसी देरी के आदमपुर फ्लाईओवर का काम तुरंत दोबारा शुरू किया जाए और इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को वर्षों से चली आ रही परेशानियों से राहत मिल सके। इस अवसर पर दोआबा मीडिया सचिव आत्मप्रकाश सिंह बबलू और आप नेता तरणदीप सिंह सन्नी, सतविंदर अरोड़ा प्रधान बजार मंडल आदमपुर , राकेश अग्रवाल, दविंदर सूरी ट्रेड विंग आप, दलजीत सिंह मिन्हास, पंकज, हनी, चरणजीत शैरी, राकेश कपूर और लखवीर सिंह मौजूद थे।

आंगनबाड़ी योजना में लापरवाही पड़ी भारी, पंजाब के दो IAS अधिकारी नपे
22वीं किस्त के लिए ‘फार्मर रजिस्ट्री’ अनिवार्य, वरना रुक जाएगा पैसा
गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धा का सैलाब: संत समाज ने की CM मान के प्रबंधों की सराहना, साल भर चलेंगे कार्यक्रम
पंजाब के 65 लाख परिवारों को ₹10 लाख का सुरक्षा कवच, कुलदीप धालीवाल ने गिनाईं योजना की सफलताएं