AAP ने मोदी-ट्रंप कथित व्यापारिक समझौते पर BJP को घेरा, किसानों के हितों पर खतरे का दावा

AAP ने मोदी-ट्रंप कथित गुप्त व्यापारिक डील को लेकर BJP पर हमला बोला। कुलदीप धालीवाल ने कहा—यह सौदा किसानों, कृषि और देश की अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है।

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कथित “गुप्त व्यापारिक समझौते” को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इसे भारत के किसानों और देश की कृषि व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश करार दिया है।

बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह बेहद गंभीर और चिंताजनक है कि ऐसा समझौता, जो देश के भविष्य और 80 करोड़ से अधिक लोगों की रोज़ी-रोटी से जुड़ा है, उस पर प्रधानमंत्री संसद में कुछ नहीं बोल रहे हैं। इसके बजाय इसकी जानकारी डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट्स से सामने आ रही है।

“भारत की नीति ट्रंप क्यों बता रहे हैं?”

धालीवाल ने सवाल उठाया कि भारत के लोगों के लिए डोनाल्ड ट्रंप कौन हैं?

उन्होंने कहा, “वह मोदी जी के निजी मित्र हो सकते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री चुप हैं तो भारत की नीतियां ट्रंप के ट्वीट्स से क्यों सामने आ रही हैं? बंद दरवाज़ों के पीछे क्या सौदा हुआ है और देश से इसे क्यों छिपाया जा रहा है?”

आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इस कथित डील के तहत भाजपा सरकार अमेरिकी कृषि उत्पादों को लगभग जीरो टैक्स पर भारत में लाने की तैयारी कर रही है। इससे सस्ते आयात के कारण भारतीय किसान बाजार से बाहर हो जाएंगे।

धालीवाल ने कहा, “यह व्यापार नहीं, आत्मसमर्पण है। भाजपा अपने कॉर्पोरेट दोस्तों के फायदे के लिए भारत की खेती को कुर्बान कर रही है।”

महंगाई और खाद्य सुरक्षा पर खतरा

धालीवाल ने अमेरिकी कृषि उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे भारत की खाद्य सुरक्षा और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ेगा।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यह समझौता भारत को रूस से सस्ता तेल खरीदने से रोक सकता है और अमेरिका से महंगा तेल आयात करने को मजबूर कर सकता है, जिससे महंगाई और बढ़ेगी।

“तेल महंगा होगा तो हर चीज़ महंगी होगी। इस सौदे का असर हर घर पर पड़ेगा,” उन्होंने कहा।

पंजाब भाजपा की चुप्पी पर सवाल

आप नेता ने पंजाब भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि वे राज्य की रीढ़ कही जाने वाली कृषि पर सीधे खतरे के बावजूद चुप क्यों हैं।

उन्होंने कहा कि क्या पंजाब भाजपा नेताओं में यह बताने की हिम्मत है कि जब अमेरिकी गेहूं, मक्का, सोयाबीन, कपास, डेयरी, मछली और मांस उत्पाद लगभग शून्य ड्यूटी पर भारत आएंगे, तो पंजाब के किसान कहां जाएंगे?

धालीवाल ने कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और अगर यह समझौता लागू हुआ तो गेहूं बेल्ट, कपास बेल्ट, डेयरी किसान और मछली पालन उद्योग सबसे पहले तबाह होंगे।

“समझौता तुरंत सार्वजनिक करें”

आप विधायक ने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कथित समझौते की सभी शर्तें तुरंत लोकसभा और देश की जनता के सामने सार्वजनिक करें।

“किसानों को बेचने नहीं देगी AAP”

धालीवाल ने ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी और इस “किसान विरोधी, पंजाब विरोधी और भारत विरोधी” समझौते के खिलाफ संसद से लेकर सड़कों तक संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा, “पंजाब भारत की कृषि की रीढ़ है। अगर यह सौदा लागू हुआ तो पंजाब बर्बाद हो जाएगा। आप भाजपा को राजनीतिक फायदे और कॉर्पोरेट मुनाफे के लिए भारत के किसानों को बेचने नहीं देगी।”

Exit mobile version