जालंधर में ‘आप’ नेता लक्की ओबरॉय की गोलियों से भूनकर हत्या, गैंगस्टर ग्रुप पर शक

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और जालंधर कैंट के वार्ड-35 के हलका इंचार्ज लक्की ओबरॉय (53) की शुक्रवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वह धार्मिक स्थल से दर्शन कर लौट रहे थे।

पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की बुधवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर स्कूटी पर सवार होकर आए और ओबरॉय पर ताबड़तोड़ 6 गोलियां चलाईं। इनमें से 5 गोलियां सीने और एक गोली सिर में लगी। लक्की ओबरॉय की उम्र करीब 53 साल बताई जा रही है।

गुरुद्वारे से निकलते ही हमला

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लक्की ओबरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। जैसे ही वह गुरुद्वारे से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।

घटना के तरीके से साफ है कि हमला पूरी प्लानिंग के तहत किया गया। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें हमलावरों की हरकतें कैद हुई हैं।

अस्पतालों में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गंभीर रूप से घायल लक्की ओबरॉय को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों को यकीन न होने पर उन्हें श्रीराम अस्पताल भी ले जाया गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।

इलाका सील, टारगेट किलिंग की आशंका

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और लगातार छापेमारी की जा रही है।

प्राथमिक जांच में पुलिस को इस मामले में टारगेट किलिंग का शक है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

गैंगस्टर शेरू ग्रुप की धमकी आई सामने

लक्की ओबरॉय AAP पार्टी से जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-35 के हलका इंचार्ज थे।

जानकारी के मुताबिक, उनका खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर शेरू ग्रुप ने 25 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लक्की ओबरॉय को धमकी दी थी। अब पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहन जांच कर रही है।

Exit mobile version