पंजाब में ड्रोन से हेरोइन तस्करी नाकाम, तरन तारन में 3.925 किलो हेरोइन बरामद

तरन तारन में पंजाब पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई, ड्रोन से भेजी गई 3.925 किलो हेरोइन बरामद। नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट।

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान तरन तारन पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में सरहदी चौकी (बीओपी) कालियां के पास खेतों से 3.925 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

डीजीपी ने बताया कि नशीले पदार्थों की यह खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बीएसएफ की टीमों ने एक DJI मैट्रिस ड्रोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा हेरोइन भेजने के लिए किया गया था। यह घटना आधुनिक तकनीक के जरिए हो रही सीमा पार तस्करी की गंभीरता को दर्शाती है।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि सीमा पार के हैंडलरों की पहचान की जा सके, सप्लाई रूट्स का पता लगाया जा सके और पूरे तस्करी नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

‘बाज अख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम से मिली सफलता

तरन तारन के सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पंजाब सरकार के ‘बाज अख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम ने बीओपी कालियां के पास ड्रोन की गतिविधि का पता लगाया था। इसके बाद तुरंत बीएसएफ को सूचना दी गई और संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान खेतों से हेरोइन से भरा ड्रोन बरामद कर उसे निष्क्रिय किया गया।

एसएसपी ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि यह हेरोइन किन लोगों को पहुंचाई जानी थी। इस मामले में एफआईआर नंबर 20, दिनांक 3 फरवरी 2026, पुलिस थाना वलटोहा, जिला तरन तारन में दर्ज की गई है। एफआईआर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और भारतीय वायुयान अधिनियम की धारा 25, 26 व 29 के तहत दर्ज की गई है।

पंजाब पुलिस ने दोहराया कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

Exit mobile version