हेरोइन तस्करी में फंसी पंजाबी गायिका! ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ में भाई के साथ हुई गिरफ्तारी

पंजाब पुलिस के ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत खन्ना में बड़ी कार्रवाई। 125 अपराधी गिरफ्तार, हेरोइन के साथ पंजाबी गायिका पम्मी और भारी मात्रा में ड्रग मनी बरामद।

चंडीगढ़/खन्ना: पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत पहले ही दिन खन्ना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में जिले के तीनों सब-डिवीजनों – खन्ना, पायल और समराला में एक साथ 151 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस व्यापक कार्रवाई में कुल 125 अपराधी तत्वों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में सक्रिय गैंगस्टर, नशा तस्कर, वांछित अपराधी और संदिग्ध व्यक्ति शामिल हैं। अभियान की शुरुआत सुबह करीब 4 बजे की गई, जब पुलिस की विभिन्न टीमों ने खुफिया जानकारी के आधार पर चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

अलग-अलग श्रेणियों में कार्रवाई

एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान 3 सक्रिय गैंगस्टरों, 45 वांछित अपराधियों, 46 व्यक्तियों को अपराध रोकथाम के तहत, 2 फरार आरोपियों और 29 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इस प्रकार कुल 125 लोगों को काबू किया गया।

उन्होंने कहा कि यह अभियान जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से चलाया गया है। पुलिस ने दावा किया कि कार्रवाई पूरी योजना और ठोस इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

अभियान के दौरान माछीवाड़ा साहिब क्षेत्र में गश्त के दौरान कोहाड़ा रोड अडियाना बस स्टैंड के पास पुलिस ने एक युवक और महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पूछताछ में उनकी पहचान सरवन सिंह और परमजीत कौर के रूप में हुई, जो गांव रहीमाबाद खुर्द के निवासी और आपस में भाई-बहन बताए जा रहे हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार परमजीत कौर पहले पंजाबी गायिका रह चुकी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भारी मात्रा में बरामदगी

एसएसपी ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 4 लाख रुपये की ड्रग मनी, 321.15 ग्राम हेरोइन, 60 नशीले कैप्सूल, 1 किलो अफीम, 3 पेटी अवैध शराब, एक कार, 4 जिंदा कारतूस, 8 कीमती मोबाइल फोन, एक स्मार्ट वॉच और अन्य मोबाइल एक्सेसरीज बरामद की हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि जिले में संगठित तरीके से नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत ऐसे नेटवर्क की पहचान कर उन्हें जड़ से समाप्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

डीजीपी गौरव यादव के निर्देशानुसार राज्यभर में इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी, गैंगवार और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version