सागर में वैलेंटाइन डे पर शिवसेना का ‘लठ-पूजन’: ‘जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना’ के नारों के साथ दी कड़ी चेतावनी

वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) को लेकर मध्य प्रदेश के सागर जिले में शिवसेना ने अपना विरोध तेज कर दिया है। प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी संगठन ने पश्चिमी संस्कृति के इस त्योहार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आक्रामक तैयारियां की हैं।

सागर (मध्य प्रदेश): वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) को लेकर मध्य प्रदेश के सागर जिले में शिवसेना ने अपना विरोध तेज कर दिया है। प्रतिवर्ष की तरह इस साल भी संगठन ने पश्चिमी संस्कृति के इस त्योहार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आक्रामक तैयारियां की हैं। शहर के प्रसिद्ध पहलवान बाबा मंदिर में शिवसैनिकों ने बाकायदा ‘लठों’ (डंडों) की पूजा की और उन्हें तेल पिलाकर ‘तैयार’ किया।

अश्लीलता फैलाई तो मौके पर होंगे फेरे शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने नारा दिया है— “जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना।” शिवसेना ने ऐलान किया है कि यदि कोई प्रेमी जोड़ा पार्कों या धार्मिक स्थलों के पास अमर्यादित स्थिति में पाया गया, तो उनके माता-पिता को बुलाया जाएगा। यदि वे बालिग हुए, तो मौके पर ही उनके फेरे कराकर शादी करा दी जाएगी।

होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को अल्टीमेटम शिवसेना ने केवल प्रेमी जोड़ों को ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी आगाह किया है। पप्पू तिवारी ने कहा कि 14 फरवरी को यदि किसी होटल या रेस्टोरेंट में ‘अश्लील’ पार्टियों या विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, तो शिवसैनिक वहां उग्र विरोध करेंगे। संगठन का तर्क है कि वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है और इसका अंधानुकरण युवा पीढ़ी को गुमराह कर रहा है।

प्रशासनिक अलर्ट शिवसेना की इस चेतावनी के बाद शहर के सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और होटलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और तनाव बढ़ने की आशंका है। शिवसैनिकों की टोलियां 14 फरवरी को शहर भर में ‘निगरानी’ रखने के लिए सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं।

Exit mobile version